सरायपाली।पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। ग्राम पंचायत जलगढ़ में बीती रात करीब 12 से 14 हमलावरों ने घर में घुसकर एक युवक पर चाकू, रॉड और डंडों से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में घायल युवक को सरायपाली CHC में प्राथमिक उपचार के बाद महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
शिकायतकर्ता ने बताई पूरी घटना
पीड़ित युवक भागीरथी महापात्र (26) के भाई भानुप्रताप महापात्र ने पुलिस को बताया कि रात लगभग 12 बजे वह घर से लगी अपनी किराना दुकान में सो रहे थे। तभी घर की ओर से भाई की चीख सुनाई दी। जब वे पहुंचे तो देखा कि नानकपाली निवासी लिंगराज भोई, भोजराज भोई, और झिलमिला टावरपारा के आयुष भोई, तेज भोई, रिंकू भोई, प्रकाश भोई सहित 6-8 युवक घर का दरवाजा खटखटा रहे थे।मां द्वारा दरवाजा खोलते ही हमलावरों ने उनका मुंह दबा दिया और घर में घुसकर भागीरथी की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमलावरों ने चाकू, रॉड और डंडों से उस पर ताबड़तोड़ वार किए और उसे लहूलुहान कर दिया।
तोड़फोड़, लूट और धमकी
हमलावरों ने घर के टीवी और अलमारी में भी तोड़फोड़ की। घटना के दौरान उन्होंने वीडियो बनाया और धमकी दी—“जो भी दीपक भोई से पंगा लेगा, उसका यही हाल होगा।”इसके बाद हमलावर अलमारी में रखे 18 हजार रुपये नकद और भागीरथी का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। घर के बाहर खड़ी स्कूल बस में भी तोड़फोड़ की गई।
पंचायत चुनाव की रंजिश को बताया वजह
भानुप्रताप और जलगढ़ के सरपंच पति लिंगराज साहू ने बताया कि यह हमला पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश का परिणाम है। दीपक भोई के पिता पंच चुनाव हार गए थे, जिसके बाद से वह परिवार से दुश्मनी रखता था।लिंगराज ने कहा कि 13 मई को उन पर भी इसी तरह चाकू, रॉड और डंडों से हमला किया गया था, जिसकी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।भागीरथी KP इंटरनेशनल स्कूल की बस चलाता है। ड्राइवर-कंडक्टर की तनख्वाह और दुकान की बिक्री मिलाकर 18 हजार रुपये घर में रखे थे, जिसे हमलावर ले गए।
पुलिस जांच शुरू
शिकायत दर्ज होने के बाद बलौदा पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान स्पष्ट है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




