अहिर रेजिमेंट की मांग को लेकर यादव समाज हुआ सक्रिय, बसना–सरायपाली–महासमुंद से जत्था दिल्ली रवाना
बसना(जीत यादव) :- अहिर रेजिमेंट की स्थापना की लंबे समय से उठ रही मांग को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से बसना, सरायपाली और महासमुंद क्षेत्र के यादव समाज का एक बड़ा दल रविवार को दिल्ली के लिए रवाना हुआ। स्थानीय स्तर पर आयोजित सभा और रैली के बाद यह जत्था राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेकर केंद्र सरकार तक अपनी मांग को औपचारिक रूप से पहुंचाएगा।
सुबह से ही बसना, सरायपाली व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों लोग बसना में एकत्र हुए। रैली के दौरान समाजजन पारंपरिक वेशभूषा, झंडे व बैनर के साथ उत्साहपूर्वक नारे लगाते दिखाई दिए। इस आयोजन में वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अहीर-यादव समुदाय का भारतीय सेना और स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, इसलिए अहिर रेजिमेंट की मांग ऐतिहासिक आधार पर पूर्णतः न्यायसंगत है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि रेजिमेंट के गठन से युवा वर्ग में सैन्य सेवा की प्रेरणा और गौरव दोनों बढ़ेंगे।

इसके बाद बसों और निजी वाहनों के माध्यम से एक बड़ा जत्था दिल्ली के लिए रवाना हुआ, जहाँ राष्ट्रीय अहिर रेजिमेंट समर्थन सम्मेलन में देशभर से जुटे समाज प्रतिनिधियों के साथ सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा।रवाना होने से पूर्व महिलाओं ने युवाओं को तिरंगा और रुमाल बांधकर शुभकामनाएँ दीं। युवाओं ने बताया कि वे इस आंदोलन को शांतिपूर्ण, अनुशासित और संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाएंगे। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों तथा सामाजिक संगठनों ने फूलमालाओं और नारों के बीच दल का स्वागत किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।
रैली में प्रमुख रूप से नारे लगाए गए—
“अहिर रेजिमेंट हमारा अधिकार!”
“यादव समाज एकता जिंदाबाद!”




