जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान हुए विशेष रूप से उपस्थित, ग्रामीणों में दिखा उत्साह और आस्था
बसना (जीत यादव) — गढ़फुलझर स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर प्रांगण में रविवार को भव्य धार्मिक आयोजन का सफलतापूर्वक संपादन किया गया। सुबह 9 बजे परंपरागत रीति-रिवाज के साथ कलश यात्रा, पूजा-अर्चना तथा कुंभ भराई कार्यक्रम आरंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री मोक्ष कुमार प्रधान विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए और श्रद्धालुओं के साथ सम्पूर्ण आयोजन में सहभागिता की।

कलश यात्रा पारंपरिक वेशभूषा और भक्ति गीतों के साथ निकाली गई, जिसमें महिलाएं श्रृंगारित कलश सिर पर रखकर धार्मिक शोभायात्रा का केंद्र बिंदु बनीं। कलशों में पवित्र जल, नारियल और अन्य पूजा-सामग्री रखकर विधि-विधान के साथ मंदिर तक पहुंचाया गया, जिसके बाद पूजा-अर्चना एवं भव्य कुंभ भराई सम्पन्न हुई। पूरे वातावरण में भजन-कीर्तन और शंख-ध्वनि से आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति होती रही।

यह दिव्य आयोजन कुंभकार महासंघ फूलझर अंचल एवं ग्रामवासियों के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। सामूहिक भावना और सामाजिक एकजुटता इस कार्यक्रम की प्रमुख आकर्षण रही। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि
“मंदिर निर्माण एवं धार्मिक आयोजनों से समाज में सद्भाव, संस्कार, आस्था और सहयोग की भावना मजबूत होती है। गढ़फुलझर ग्रामवासियों का समर्पण अनुकरणीय है।”

पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं, जिसमें महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के पश्चात श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन ग्राम की धर्म, संस्कृति, परंपरा एवं एकता का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।




