महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय महासमुंद में 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने मिनी स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मिनी स्टेडियम महासमुंद में शाम 4 बजे से सजेगा समारोह, सांसद रूपकुमारी चौधरी होंगी मुख्य अतिथि; कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने किया आयोजन स्थल का निरीक्षण।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समारोह 2 नवंबर को शाम 4 बजे मिनी स्टेडियम, महासमुंद में शुरू होगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी होंगी। वहीं महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
समारोह में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल, खल्लारी विधायक श्री द्वारिकाधीश यादव शामिल होंगे। इसके अलावा जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पालिका तथा विभिन्न निगम-मंडलों के जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंच की तैयारी, साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था और नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी जिम्मेदारियां निभाने और तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों एवं आम नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों और गणमान्य नागरिकों से राज्योत्सव समारोह में शामिल होने की अपील की है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की संस्कृति, गौरवशाली परंपरा और विकास यात्रा को उत्सव के रूप में मनाने का अवसर होगा।


