महासमुंद। पूरे छत्तीसगढ़ में फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (FFS) व्यवस्था का शुभारंभ किया गया है। किसानों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और उचित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में खाद वितरण की नई व्यवस्था लागू की जा रही है। नई व्यवस्था के लागू होने से अब किसानों को उर्वरक प्राप्त करने के लिए मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन जारी कराने की सुविधा मिलेगी।
महासमुंद सहित पूरे छत्तीसगढ़ में नई व्यवस्था FFS का शुभारंभ, सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं से खाद लेने के लिए मोबाइल ऐप से जारी होगा टोकन।
इस व्यवस्था के तहत किसान अपने मोबाइल फोन पर ‘FFS मोबाइल ऐप’ डाउनलोड कर सेवा केंद्रों, सहकारी समितियों अथवा निजी उर्वरक विक्रेताओं से खाद प्राप्त करने के लिए टोकन ले सकेंगे। इससे उर्वरक वितरण की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया गया है।
नई व्यवस्था का लाभ लेने के लिए किसानों को सबसे पहले अपने मोबाइल में एफएफएस ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद ऐप में अपना आधार नंबर दर्ज कर मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा। जिन किसानों की फार्मर आईडी पहले से बनी हुई है, उनके भूमि संबंधी विवरण स्वतः ऐप पर दिखाई देंगे।
इसके बाद किसान अपनी बोई गई फसल का चयन कर सकेंगे। फसल और बोए गए रकबे के आधार पर उन्हें निर्धारित मात्रा में उर्वरक की बोरियों के लिए टोकन जारी करने की सुविधा मिलेगी।
नई व्यवस्था से खाद वितरण में पारदर्शिता बढ़ने के साथ किसानों को अपनी जरूरत के अनुसार उर्वरक प्राप्त करने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। मोबाइल आधारित टोकन प्रणाली से वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने और किसानों को अनावश्यक परेशानी से बचाने में मदद मिलेगी।


