सरायपाली(जीतयादव)। संकुल केंद्र बैदपाली के अंतर्गत शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम शाला बैदपाली में नवप्रवेशी छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए स्पोर्ट्स ड्रेस एवं शैक्षणिक सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शनिवार के बैगलेस डे की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए छात्राओं को खेलों के लिए स्पोर्ट्स ड्रेस प्रदान की गई।
सरायपाली की कन्या आश्रम शाला बैदपाली में पहल, पहाड़ा सुनाने वाले विद्यार्थियों को 15 अगस्त तक पुरस्कार देने की घोषणा।
कार्यक्रम में संकुल केंद्र के नोडल प्राचार्य भोग सिंह भोई ने छात्राओं को स्पोर्ट्स ड्रेस वितरित करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस दौरान विद्यार्थियों को पहाड़ा, कलम और चॉकलेट भी वितरित किए गए। नोडल प्राचार्य भोग सिंह भोई ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए घोषणा की कि 15 अगस्त तक सर्वाधिक पहाड़े याद कर धाराप्रवाह सुनाने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। घोषणा के बाद बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में संकुल समन्वयक पालसिंह बंजारे, गीता दीवान एवं लक्ष्मी दीवान सहित आश्रम शाला के कर्मचारी उपस्थित रहे। संकुल समन्वयक पालसिंह बंजारे ने विद्यार्थियों के हित में की गई इस पहल के लिए नोडल प्राचार्य भोग सिंह भोई का शाला परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।
स्पोर्ट्स ड्रेस और उपयोगी शैक्षणिक सामग्री पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। विद्यालय परिवार ने कहा कि इस तरह की पहल से बच्चों में पढ़ाई, खेल और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ने के साथ आत्मविश्वास भी मजबूत होता है।


