बसना(जीत यादव)। मंगल भवन बसना में निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2025) के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सम्मिलित होकर SIR प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा मतदाता सूची को पूर्ण रूप से अपडेट करने पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सशक्त और समृद्ध लोकतंत्र की नींव एक पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची पर आधारित होती है। इसलिए SIR-2025 के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं के नाम सही ढंग से मतदाता सूची में दर्ज हों और किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति न रहे। अधिकारियों ने बताया कि जो नागरिक 1 जनवरी 2025 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के होंगे, उन्हें विशेष रूप से सूची में जोड़ने पर ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
बैठक में सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, बसना के लोकप्रिय विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री येत राम साहू, बिज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर सहित भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।सभी वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर संपर्क कर लोगों को निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें तथा पात्र नागरिकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने में सहयोग दें।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बसना विधानसभा क्षेत्र में SIR-2025 के कार्य को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर शिविर लगाने, जानकारी वितरण करने और विशेष अभियान चलाने पर भी सहमति बनी।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ बैठक समाप्त की।




