बसना(जीत यादव)।स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी/इंग्लिश मीडियम शाला पिरदा में विगत 2008 से अंग्रेजी व्याख्याता के रूप में सेवाएं दे रहे तरुण पटेल ने सोमवार को औपचारिक रूप से प्राचार्य पद का कार्यभार ग्रहण किया। उनके प्राचार्य बनने पर विद्यालय में उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला। लंबे समय से शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले तरुण पटेल को यह जिम्मेदारी मिलने पर शिक्षकों और साथियों ने खुशी व्यक्त की है।
कार्यभार ग्रहण समारोह के अवसर पर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के जिला प्रवक्ता लोरीश कुमार ने कहा कि यह क्षण न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उन सभी शिक्षकों की संघर्षगाथा का प्रतीक है, जिन्होंने शिक्षाकर्मी से अपने सफर की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा,“हमने अनिश्चित भविष्य के साथ शिक्षाकर्मी के रूप में सेवा आरंभ की थी, लेकिन संगठन के निरंतर संघर्ष, शिक्षक हितों की रक्षा और अधिकारों के लिए आवाज उठाने से आज हमें विभाग के शीर्ष पदों तक पहुंचने का अवसर मिला है। यह गौरव और प्रेरणा का क्षण है।”विद्यालय के शिक्षकों ने भी तरुण पटेल के नेतृत्व में संस्थान के शिक्षा स्तर और अनुशासन में और अधिक मजबूती आने की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर वरिष्ठ व्याख्याता महेश कुमार बरिहा, निर्मला शेष, दीपमाला पाल, दिशा चंद्राकर, प्रधानपाठक अरुण प्रधान, लोरीश कुमार, शंभूशरण कर, सीताकांत प्रधान, डी.के. कश्यप, गुरुदेव कश्यप, देवेंद्र पटेल, दीनबंधु प्रधान सहित विद्यालय के अनेक शिक्षक साथी उपस्थित रहे। सभी ने श्री पटेल को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली, अनुभव और शैक्षिक दृष्टि से विद्यालय को नई दिशा मिलेगी।

शिक्षकों का कहना है कि तरुण पटेल हमेशा से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने, विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण सुधारने और विभिन्न नवाचारों को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं। उनके प्राचार्य बनने से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएँ व शैक्षणिक मार्गदर्शन मिलेगा। कार्यक्रम का समापन शिक्षा जगत में निरंतर प्रगति और सहयोग की कामना के साथ किया गया।




