सरायपाली(जीतयादव)। सिंघोड़ा पुलिस ने रेहटीखोल नाका (NH-353) पर कार्रवाई करते हुए बस से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई उड़ीसा की ओर से आ रही श्याम ट्रैवल्स की बस में की गई, जिसमें एक यात्री के पास से 18.590 किलोग्राम चांदी के गहने जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 46 लाख 68 हजार रुपये आंकी गई है।
श्याम ट्रैवल्स बस में यात्री के पास मिला 18 किलो चांदी, दस्तावेज नहीं दिखाने पर जब्त।
जांच के दौरान पुलिस ने बस में सवार एक संदिग्ध यात्री राज किशोर शर्मा उर्फ राजू (कटक, ओडिशा) को रोका। उसके पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर तीन प्लास्टिक डिब्बों में रखे 600 नग चांदी के पायल बरामद हुए। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी उक्त आभूषणों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने पहले आरोपी को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर धारा 106 बीएनएसएस के तहत चांदी के आभूषणों को जब्त कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को भी सूचित किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों और संदिग्ध परिवहन पर नजर रखने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई है।



