सरायपाली(जीतयादव)। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय सरायपाली एवं शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरायपाली के संयुक्त तत्वावधान में 16 जून 2026 को शासन के निर्देशानुसार सामूहिक रूप से शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर नए शिक्षा सत्र का शुभारंभ किया गया।
सरायपाली में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया गया स्वागत, शिक्षा और संस्कार का दिया गया संदेश।
कार्यक्रम में सेजेस एसएमडीसी अध्यक्ष डॉ. आशीष दास, आदर्श विद्यालय एसएमडीसी अध्यक्ष अमर झा, सांसद प्रतिनिधि एसएमडीसी एवं उपाध्यक्ष स्काउट गाइड संघ तारेश्वरी नायक, अजय कुमार अग्रवाल, टीनू श्रीवास्तव, शशिभूषण पाढ़ी, के.के. पाणीग्राही, हेमसागर प्रधान, द्वितीया अजगर, प्राचार्य गजेन्द्र कुमार अरिल्ले सहित पालक, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पूजन-अर्चन और प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य जी.के. अरिल्ले ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व और विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी।
तारेश्वरी नायक ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, मोबाइल की अनावश्यक लत से दूर रहने और शिक्षकों के मार्गदर्शन में अपने ज्ञान एवं कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित करने की सीख दी। वहीं डॉ. आशीष दास ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने के लिए शुरुआत से ही मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। अमर झा ने नियमित अध्ययन, स्वाध्याय और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें उपहार भेंट किए गए। सभी विद्यार्थियों का मुंह मीठा कराया गया तथा मिठाई और खीर की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम का संचालन नरेश पटेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन यशवंत कुमार चौधरी ने किया।


