महासमुंद। ग्राम खैरा स्थित आदिवासी कन्या छात्रावास में रविवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) महासमुंद द्वारा आयोजित “मिशन साहसी” कार्यक्रम के अंतर्गत करीब 50 से अधिक छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। यह कार्यक्रम महान देशवीर महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
उद्देश्य — लड़कियों को सशक्त बनाना
ABVP राजिम विभाग संयोजक अभिषेक पांडे ने कहा कि मिशन साहसी का लक्ष्य है कि लड़कियाँ न सिर्फ शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी निडर बनें। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा सीखने से छात्राएं अपने अधिकारों के लिए खड़ी हो सकती हैं और किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न का सामना साहस के साथ कर सकती हैं।इस प्रकार के प्रशिक्षण से छात्राएं झांसी की रानी की तरह आत्मविश्वास व पराक्रम के साथ अपने भविष्य को मजबूत बना सकेंगी।
प्रशिक्षण — कराटे और आत्मरक्षा तकनीकें
मुख्य प्रशिक्षक राहुल साहू तथा त्रिलोक साहू ने छात्राओं को कराटे की बुनियादी तकनीकें, आत्मरक्षा के सरल लेकिन प्रभावी उपाय सिखाए। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कराटे के अभ्यास में भाग लिया और अपनी सहनशीलता, आत्मविश्वास व जागरूकता का अनुभव साझा किया। इस मौके पर सुधा साहू, छात्रावास अधीक्षिका शमशाद जहां, जिला संयोजक ललित साहू, महासमुंद नगर मंत्री लवेश साहू, नगर सह मंत्री मेघा दुबे, आदित्य आर्य, नगर कार्यालय मंत्री मन्नू शर्मा, एमवीपीजी कॉलेज कैंपस अध्यक्ष सोनम चंद्राकर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
छात्राओं ने कहा कि वे अब न केवल स्वयं की सुरक्षा कर सकेंगी, बल्कि जरूरत पड़ने पर अपने परिवार व समाज की रक्षा भी कर सकेंगी।



