महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू शहर में अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने स्वयं तुमगांव रोड स्थित स्थानीय ओवर ब्रिज के नीचे किए गए अवैध कब्जों का निरीक्षण किया और मौके पर ही तोड़फोड़ की कार्रवाई के निर्देश दिए।
वार्ड क्रमांक 14 के नागरिकों ने लंबे समय से एक व्यक्ति द्वारा किए गए अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष साहू तुरंत स्थल पर पहुंचे और नगर पालिका अमले को बिना देरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इसके बाद पालिका कर्मचारियों ने जेसीबी के माध्यम से तार घेरा, कॉलम और अन्य संरचनाओं को ध्वस्त कर अतिक्रमण हटाया। अधिकारियों ने बताया कि यह अवैध कब्जा कई वर्षों से बना हुआ था और पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।

नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी भूमि या सार्वजनिक जगह पर अवैध कब्जा न करें। उन्होंने कहा कि ओवर ब्रिज के नीचे जनहित के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित हैं, ऐसे में किसी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं होगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई अवैध कब्जे की शिकायत मिलती है तो तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हटने से अब लोगों को आवागमन में भी आसानी होगी और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण संभव हो सकेगा।



