महासमुंद(जीतयादव)। शहर में हुई चोरी की घटना पर महासमुंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चावल, गैस सिलेंडर, टीवी, मिक्सी सहित अन्य सामान बरामद किया है।
शीतली नाला के पास चोरी का सामान बेचने की कोशिश में पकड़ा गया आरोपी, ₹10 हजार का माल जब्त।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को प्रार्थिया सविता ध्रुव ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने गैस सिलेंडर, टीवी, मिक्सी, इलेक्ट्रॉनिक आयरन और चावल समेत करीब 10 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया है। रिपोर्ट पर थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 451/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का सामान बरोण्डा चौक एवं शीतली नाला शराब दुकान के आसपास बेचने की कोशिश की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर बसंत बिझेकर उर्फ ददू और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद आरोपियों की निशानदेही पर उनके घरों से चोरी का पूरा सामान बरामद किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे का राड भी जब्त किया है।
बरामद सामान में 15 किलो चावल, एक इंडेन गैस सिलेंडर, लोहे का राड, एक टीवी, रिसीवर व रिमोट, इलेक्ट्रॉनिक आयरन तथा मिक्सी-जारी शामिल हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
मुख्य आरोपी बसंत बिझेकर उर्फ ददू (26 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 11 अटल आवास महासमुंद को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है।


