सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला चिवराकुटा में विद्यार्थियों के बुनियादी गणितीय कौशल को मजबूत करने के उद्देश्य से पहाड़ा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षा पहली से पांचवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को आराध्या स्टेशनरी एवं स्पोर्ट्स के संचालक कैलाश प्रधान की ओर से पहाड़े उपलब्ध कराए गए।
चिवराकुटा में गणितीय कौशल मजबूत करने की पहल, कैलाश प्रधान ने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए पहाड़े।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नियमित रूप से पहाड़े याद करने और गणितीय गणनाओं में दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने बताया कि प्रारंभिक कक्षाओं में पहाड़ों का नियमित अभ्यास बच्चों के गणितीय आधार को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पहाड़े याद होने से विद्यार्थियों को जोड़, घटाव, गुणा और भाग जैसी गणितीय संक्रियाओं को समझने तथा उन्हें आसानी से हल करने में मदद मिलती है। साथ ही इससे बच्चों में गणित के प्रति आत्मविश्वास और रुचि भी बढ़ती है।
विद्यालय परिवार ने इस पहल को विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास की दिशा में उपयोगी कदम बताया। शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के छोटे-छोटे प्रयास बच्चों की पढ़ाई को आसान बनाने के साथ उनके सीखने के प्रति उत्साह को भी बढ़ाते हैं।
चिवराकुटा विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों के हित में पहाड़े उपलब्ध कराने के लिए कैलाश प्रधान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास और मेहनत के साथ गणित विषय में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।


