सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला एवं उच्च प्राथमिक शाला बोडेसरा में नए शैक्षणिक सत्र के लिए शाला प्रबंधन समिति (SMC) का गठन सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक विकास, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बोडेसरा में शैक्षणिक गुणवत्ता और बच्चों की नियमित उपस्थिति पर हुई चर्चा, राधाबाई कृष्णकुमार साव चुनी गईं उपाध्यक्ष।
कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद आयोजित बैठक में पालकों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों की पढ़ाई के स्तर को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से विद्यालय भेजने पर जोर दिया। उपस्थित पालकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहयोग देने और विद्यालय की गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने की अपील की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से श्री रितराम पटेल को शाला प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा श्रीमती राधाबाई कृष्णकुमार साव को उपाध्यक्ष चुना गया। नवगठित पदाधिकारियों का उपस्थित जनों ने स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रधान पाठक श्रीमती बनमोती भोई ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों से विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय, शिक्षक और पालकों के सामूहिक प्रयास से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।
कार्यक्रम में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बोडेसरा के प्रधान पाठक, विद्यालय स्टाफ, पालक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक शिक्षक श्री क्षेत्रपाल भोई ने किया।


