सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला बोड़ेसरा में विद्यार्थियों के लिए नेवता भोज का आयोजन किया गया। विद्यालय में कार्यरत स्वीपर श्री श्रीधर चौहान ने अपने पिता स्वर्गीय श्री सेतराम चौहान एवं माता श्रीमती श्यामबाई चौहान के परिवार की ओर से दशगात्र के अवसर पर यह आयोजन कराया।
बोड़ेसरा में स्वीपर श्रीधर चौहान ने माता-पिता की स्मृति में दशगात्र अवसर पर विद्यार्थियों के लिए कराया नेवता भोज।
नेवता भोज के दौरान विद्यार्थियों को खीर, पूड़ी, मिठाई सहित स्वादिष्ट भोजन परोसा गया। बच्चों ने उत्साह और प्रसन्नता के साथ भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों के लिए भी भोजन की व्यवस्था की गई।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस नेवता भोज के दौरान बच्चों में अपनत्व और सामूहिकता की भावना देखने को मिली। विद्यालय परिवार ने श्रीधर चौहान एवं उनके परिवार के इस प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के बीच आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही ऐसे अवसर विद्यार्थियों को समाज में सहयोग और संवेदना के महत्व का संदेश भी देते हैं।
इस अवसर पर बोड़ेसरा विद्यालय परिवार ने स्वर्गीय श्री सेतराम चौहान की पुण्य स्मृति को श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


