बसना(जीतयादव)। बंसुला डीपा में धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा का अनूठा संगम एक बार फिर देखने को मिलेगा। यहां बंसुला डीपा रथयात्रा समिति के तत्वावधान में नौवें वर्ष श्री जगन्नाथ झूलन रथयात्रा एवं सावन झूला महोत्सव मेला का आयोजन 8 और 9 अगस्त 2026 को किया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह है।
बंसुला डीपा में 8 और 9 अगस्त को निकलेगी भव्य रथयात्रा, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जुटेंगे बड़ी संख्या में श्रद्धालु।
रथयात्रा समिति के सदस्यों के अनुसार दोनों दिनों दोपहर 2 बजे से भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान के रथ को खींचेंगे और धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
आयोजन का मुख्य स्थल रुद्रा खेल मैदान, बंसुला डीपा, आईटीआई प्रशिक्षण केंद्र के सामने निर्धारित किया गया है। यह स्थान बसना मुख्यालय से करीब एक किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में पक्की सड़क के किनारे स्थित है। यहां रथयात्रा के साथ मेला, धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
8 अगस्त, शनिवार को भक्तिमय प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं 9 अगस्त, रविवार को ओडिशा सहित आसपास के क्षेत्रों से आमंत्रित प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भव्य कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
रथयात्रा समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित आयोजन में शामिल होने की अपील की है। समिति ने श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने की बात कही है।


