सरायपाली(जीतयादव)। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत ग्राम कापुडीह से बोइरमलिहाडीपा होते हुए बिरसिंपाली तक बन रही लगभग 2.5 किलोमीटर लंबी डामर सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य में लापरवाही और तय मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण के गुणवत्ता पर उठाए सवाल, जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। जहां सड़क को मजबूत बनाने के लिए रोलर का पर्याप्त उपयोग जरूरी है, वहां इसका उपयोग बेहद कम किया जा रहा है। साथ ही डामर की परत भी सही तरीके से नहीं बिछाई जा रही, जिससे सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस मामले को लेकर सरपंच मीरा पटेल, नंद कुमार पटेल, संतोष पटेल, संतकुमार चौधरी, यशवंत चौधरी, मोहर साय पटेल, पारस चौधरी, गणपत बरिहा, अमृतलाल पटेल और भुवनेश्वर चौधरी सहित अन्य ग्रामीणों ने पुल निर्माण में भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुल निर्माण में डस्ट और बजरी का उपयोग किया गया है, जिससे पहली ही बारिश में सड़क और पुल के क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।

इसके अलावा टर्निंग पॉइंट पर सुरक्षा के लिए प्रस्तावित दीवार को सही तरीके से नहीं बनाया गया है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बोइरमलिहाडीपा में प्रस्तावित 300 मीटर सीसी रोड का निर्माण अब तक शुरू नहीं हुआ है, जबकि इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।



