महासमुंद(जीतयादव)। जिले के विभिन्न थानों में अलग-अलग प्रकरणों में जब्त कर राजसात किए गए 117 वाहनों की नीलामी पुलिस लाइन परसदा में नियमानुसार संपन्न की गई। इस कार्रवाई में वर्ष 2015 से 2024 तक की अवधि में जब्त दोपहिया और चारपहिया वाहन शामिल रहे, जिनसे शासन को लाखों का राजस्व प्राप्त हुआ।
आबकारी और एनडीपीएस मामलों में जब्त दोपहिया-चारपहिया वाहन पुलिस लाइन परसदा में नीलामी किया गया।
जानकारी के अनुसार नीलामी में कुल 108 दोपहिया और 09 चारपहिया वाहन शामिल थे। इनमें आबकारी एक्ट के 106 प्रकरण तथा एनडीपीएस एक्ट के 11 प्रकरणों में जब्त वाहन शामिल थे। ये सभी वाहन विभिन्न अवैध गतिविधियों में उपयोग किए गए थे, जिन्हें प्रकरण के बाद राजसात किया गया था।

नीलामी प्रक्रिया शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गठित टीम की उपस्थिति में पारदर्शिता के साथ पूरी की गई। इस दौरान सभी वाहनों का विधिवत मूल्यांकन कर बोली लगाई गई।इससे कुल 4 लाख 53 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई, जिसे नियमानुसार शासन के राजस्व खाते में जमा कर दिया गया है।
पुलिस लाइन महासमुंद में आयोजित इस नीलामी कार्यवाही के दौरान अपर कलेक्टर रवि साहू, एसडीओ (विद्युत एवं यांत्रिकी) एस. देवांगन, जिला परिवहन अधिकारी आर. के. ध्रुव एवं रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के साथ शासन को राजस्व प्राप्त होता रहेगा।



