बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। खेतों में धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। समय पर हुई बारिश को किसान अच्छी फसल की उम्मीद से जोड़कर देख रहे हैं, जिससे ग्रामीण अंचलों में उत्साह का माहौल है।
बसना विधानसभा क्षेत्र में मोक्ष कुमार प्रधान ने किसानों को दी शुभकामनाएं, खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की सरकार से की मांग।
इस अवसर पर बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने क्षेत्र के किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समय पर हुई वर्षा किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी पूरी तरह मौसम पर निर्भर रहती है और अच्छी बारिश से किसानों की मेहनत रंग लाने की उम्मीद बढ़ जाती है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समृद्धि से ही प्रदेश का समग्र विकास संभव है। उन्होंने बताया कि बारिश शुरू होने के साथ ही खेतों में रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन किसानों को अभी भी खाद और अन्य कृषि सामग्री की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई सहकारी समितियों में डीएपी, एनपीके और अन्य आवश्यक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है, जिससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि बसना विधानसभा सहित पूरे महासमुंद जिले की सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद और कृषि सामग्री तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को खेती के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने विश्वास जताया कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ दूर किया जाना चाहिए। साथ ही कहा कि किसान खुशहाल होंगे, तभी प्रदेश की खुशहाली और विकास का मार्ग भी मजबूत होगा।


