बसना। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरेकेल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शिक्षक प्रेमचन्द साव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी चित्रकला प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
देश की उपलब्धियों और भविष्य के संकल्पों पर आधारित अरेकेल में चित्रों में विद्यार्थियों ने भरे रंग, अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह।
प्रतियोगिता में देश की विगत 25 वर्षों की उपलब्धियों और आगामी 25 वर्षों के संकल्पों को विषय बनाया गया। विद्यार्थियों ने सेवा, स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, नया कश्मीर, नक्सल मुक्त भारत, अधोसंरचना विकास और विकसित छत्तीसगढ़ जैसे विषयों पर चित्र बनाए। वहीं, भविष्य के संकल्पों में मैन्युफैक्चरिंग पावर, टेक्नोलॉजी एवं इनोवेशन, गति शक्ति, रक्षा शक्ति, ग्रीन एवं ब्लू इकोनॉमी तथा भारत की सॉफ्ट पावर को भी चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
शिक्षा के साथ कला और खेल पर जोर
प्रभारी प्रधान पाठक प्रेमचन्द साव ने प्रतियोगिता की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि खेल और कला के माध्यम से उनका सर्वांगीण विकास करना भी है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत अरेकेल के पंच लक्ष्मण साव, शिक्षक रेखा पाण्डेय, प्राथमिक विद्यालय के प्रधान पाठक रत्नाकर, सहायक शिक्षक आसमा परविन, सरिता सिदार तथा बी.एड. प्रशिक्षणार्थी हैदर खान, रामेश्वरी पटेल और उरूषा खान सहित समस्त विद्यालय परिवार एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने और देश के विकास से जुड़े विषयों को समझने का अवसर मिला।


