बसना। खेलों से आपसी भाईचारा और सामुदायिक भावना को बढ़ावा मिलता है। इसी उद्देश्य के साथ खेल संघ जगदीशपुर-नरसिंगपुर द्वारा नुआखाई पर्व के अवसर पर अंतरराज्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सुलोनी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की टीम ने न्यू फ्रेंड्स क्लब को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
नुआखाई पर्व पर आयोजित प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़-ओडिशा की 16 टीमों ने जगदीशपुर में हिस्सा लिया, विजेता को 21 हजार और उपविजेता को 15 हजार रुपये।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को स्वर्गीय ए.डी. सिंह की स्मृति में ट्रॉफी और 21 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। वहीं, उपविजेता टीम को सेवानिवृत्त प्रधान पाठिका स्वर्गीय यशोदा कलेत की स्मृति में ट्रॉफी और 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता के दौरान पुराने फुटबॉल खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
खेल संघ जगदीशपुर-नरसिंगपुर के पदाधिकारी लोरीश गुरूजी ने बताया कि जगदीशपुर में फुटबॉल की वर्षों पुरानी परंपरा रही है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से भी कई प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ी सामने आए हैं। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ और ओडिशा की कुल 16 टीमों ने भाग लिया। लोइसिंगा, कुटेला, सुलोनी और झलप की टीमों ने अपने खेल का शानदार प्रदर्शन किया।
खेल संघ के अध्यक्ष अनिमेष बढ़ाई ने कहा कि अगले सत्र में पेशेवर टीमों को भी प्रतियोगिता में आमंत्रित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी खेलों से दूर होती जा रही है, जिसका असर उनके शारीरिक विकास पर पड़ रहा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने की जरूरत है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 85 वर्षीय पूर्व फुटबॉलर एवं जेएमएस के पूर्व प्राचार्य डब्ल्यू. कलेत ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर पिथौरा नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद, जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 12 के सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान, भाजपा मंडल पिरदा अध्यक्ष अभिमन्यु प्रधान, महामंत्री सुभाष बंजारा, सांसद प्रतिनिधि संजय प्रधान, बसना की पूर्व जनपद अध्यक्ष पुष्पा नंद, छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के चंचल कुमार, खेल संघ पिथौरा के सुधीर प्रधान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सेजेस भंवरपुर के मनोज नंद, समन्वयक संघ पिथौरा के अध्यक्ष शिशुपाल प्रधान, जेएमएस स्कूल की प्राचार्या व्ही.एस. कंवर, साल्हेतराई के पूर्व सरपंच कमल नयन प्रधान, जगदीशपुर की पूर्व सरपंच दीपिका मिंज, छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के सचिव वाई.के. सोना और पिथौरा के पूर्व बीआरसी एफ.ए. नंद सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी रही।
फुटबॉल प्रतियोगिता को सफल बनाने में खेल संघ के अध्यक्ष अनिमेष सिंह बढ़ाई, उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र नंद, सचिव अम्बेडकर पाण्डव, कोषाध्यक्ष ऋषिकेश नायक, सदस्य अजय सिंह, अनिष कलेत, लोरीश गुरूजी, राकेश नंद, महेंद्र साहू, प्रशान्त नंद, वरुण बाघ, कृपादान सोना, प्रीतम बाघ और गुलाब नंद का विशेष योगदान रहा।
इसके अलावा जगदीशपुर फुटबॉल क्लब के अतुल्य नंद, विशाल पटेल, अविरल दीप, कुनाल कुमार सहित सभी खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग किया। आयोजन ने क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


