बसना (जीत यादव)। धान खरीदी केंद्र में गंभीर लापरवाही और अनियमितताएँ पाए जाने पर उपार्जन केंद्र प्रभारी बम्हनी/आरंगी गंगाधर जगत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति के प्राधिकृत अधिकारी द्वारा की गई है।
निरीक्षण में मिली बड़ी अनियमितताएँ
तहसीलदार एवं टीम ने 28 नवंबर को उपार्जन केंद्र बम्हनी, समिति आरंगी का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान केंद्र में कई अव्यवस्थाएँ सामने आईं, जिनमें प्रमुख रूप से—
खरीदी किए गए बारदानों का सही ढंग से स्टैकिंग नहीं होना
बारदानों की सिलाई नहीं की गई
उपार्जन केंद्र का CCTV बंद हालत में पाया गया
केंद्र में आदर्श धान के नमूने उपलब्ध नहीं थे
गेट पास ऐप में आवश्यक फोटो सही तरीके से अपलोड नहीं किए जा रहे थे
इन सभी कमियों को प्रशासन ने गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता माना है। बताया गया कि प्रभारी द्वारा अपने कर्तव्यों का निर्वहन सही तरीके से नहीं किया जा रहा था, जिससे धान खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी।
तत्काल निलंबन आदेश जारी
प्राधिकृत अधिकारी ने श्री गंगाधर जगत को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर, शाखा पिरदा निर्धारित किया है।निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।प्रशासन ने संकेत दिया है कि धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगामी दिनों में अन्य उपार्जन केंद्रों का भी निरीक्षण किया जाएगा।





