महासमुंद(जीतयादव)।पुलिस द्वारा “नवा बिहान” जन-जागरूकता अभियान के तहत आम जनता को साइबर अपराध, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
‘नवा बिहान’ जागरूकता अभियान में साइबर फ्रॉड से बचाव के बताए उपाय, संवाद हेल्प डेस्क नंबर का किया प्रचार।
हाल ही में पुलिस टीम ने भंवरपुर, बीकेबाहरा, टेका और घोघरा (तेंदुकोना क्षेत्र) सहित विभिन्न गांवों के साप्ताहिक बाजारों में पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान करीब 400 ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, फेक प्रोफाइल, डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन जैसे अपराधों से बचने के उपाय बताए गए।

पुलिस ने लोगों को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें, अंजान लिंक या APK फाइल न खोलें और किसी भी संदिग्ध कॉल या वीडियो कॉल से सतर्क रहें। साथ ही, किसी भी ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान “अभिव्यक्ति ऐप”, नशा मुक्ति अभियान और महिला संबंधी अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। इसके अलावा पुलिस ने “शिकायत हेल्प डेस्क–संवाद” व्हाट्सएप नंबर 9479229939 को अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की, जहां गुप्त रूप से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
‘नवा बिहान’ जागरूकता अभियान में पुलिस ने लोगों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



