महासमुंद(जीतयादव)। कोमाखान क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 21.200 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 10 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
ओडिशा के तस्कर ट्रक में कर रहे थे गांजा का परिवहन, 25.81 लाख की संपत्ति जप्त, NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कत्था रंग की अशोक लेलैंड आईचर ट्रक में गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टेमरी नाका के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक के हेल्पर सीट के पीछे प्लास्टिक बोरी में गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम लिंगराज दास, सुमन्त कुमार दुरिया और रमेश बाग निवासी ओडिशा बताया। पुलिस ने मौके से 21.200 किलो गांजा, एक ट्रक, दो मोबाइल फोन और 1000 रुपये नगद जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 25 लाख 81 हजार रुपये आंकी गई है।पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 20(B)(1)(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वहीं, पुलिस ने बताया कि जिले में लगातार अभियान चलाकर मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाया जा रहा है। पिछले तीन महीनों में 70 मामलों में 4706.742 किलोग्राम गांजा जब्त कर 184 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के आरोपी शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्करी के सोर्स और डेस्टिनेशन पॉइंट पर विशेष निगरानी रखते हुए आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



