बसना(जीतयादव)। ऑपरेशन “निश्चय” के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 912.760 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
केला की आड़ में हो रही थी गांजा की तस्करी, झारखंड का आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक आईशर प्रो 2059 वाहन में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पलसापाली बैरियर पर नाकेबंदी कर वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर केला की आड़ में 29 बोरियों में छुपाकर गांजा परिवहन करते हुए पाया गया। पुलिस ने मौके से पूरा माल बरामद कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि तस्कर पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग कर रहे थे। जब्त वाहन में अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिली हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि गांजा ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश भेजा जाना था।

इस मामले में झारखंड निवासी आरोपी अब्दुल नईम को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



