बसना(जीतयादव)। जिले में आम जनता को जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा “नवा बिहान” जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस टीम हाट-बाजार, स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड, बैंक और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सीधे जानकारी दे रही है।
भंवरपुर और छुईपाली में “नवा बिहान” कार्यक्रम, 1000 से ज्यादा लोग हुए शामिल, साइबर फ्रॉड से बचाव पर जोर।
अभियान के दौरान भंवरपुर और छुईपाली जैसे बाजार क्षेत्रों में विशेष “नवा बिहान” कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां 1000 से अधिक लोगों ने भाग लेकर लाभ उठाया। पुलिस ने लोगों को साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहने, जरूरी हेल्पलाइन नंबर, नशा मुक्ति और गौ तस्करी रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज के डिजिटल युग में फेक ट्रेडिंग ऐप, साइबर स्टॉकिंग, फेक प्रोफाइल, सेक्सटॉर्शन और “डिजिटल अरेस्ट” जैसे मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। ऐसे में लोगों को किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को ओपन न करने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने और मजबूत पासवर्ड रखने की सलाह दी गई।
“नवा बिहान” अभियान के दौरान यह भी बताया गया कि कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल कर पैसे नहीं मांगती। ऐसे फर्जी कॉल आने पर घबराने के बजाय तुरंत रिपोर्ट करना चाहिए। साइबर ठगी होने पर 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

इसके साथ ही “संवाद” हेल्प डेस्क (व्हाट्सएप नंबर 9479229939) के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे इस नंबर को सेव कर अपने आसपास की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से नशे से दूर रहने, अफवाहों से बचने और समाज में शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि “जागरूक रहें, सतर्क रहें, सुरक्षित रहें” ही इस अभियान का मुख्य संदेश है।



