रायगढ़(जीतयादव)। धरमजयगढ़ पुलिस ने Mobile दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक महिला और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने कॉलोनी स्थित मोबाइल रिपेयरिंग दुकान का ताला तोड़कर नगदी रकम, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और नगदी बरामद कर लिया है।
Mobile रिपेयरिंग दुकान का ताला तोड़कर की थी चोरी, पुलिस ने नगदी और मोबाइल किए बरामद।
जानकारी के अनुसार शांतनु पाल निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी ने 26 अप्रैल 2026 को थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी Mobile रिपेयरिंग दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने 32 हजार रुपए नगद, ग्राहकों के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रात्रि गश्त में दो संदिग्ध किशोरों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि वे कविता सिंह राजपूत के संपर्क में थे। बाद में पुलिस ने महिला से पूछताछ की, जिसमें उसने दोनों बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने कविता सिंह राजपूत के कब्जे से 5 हजार रुपए नगद और एक जियो कीपैड Mobile बरामद किया। वहीं दोनों बालकों से 2-2 हजार रुपए नगद और चोरी के मोबाइल जब्त किए गए।
इस कार्रवाई में एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, जगित राठिया, विजय राठिया, ललित राठिया, अनूप जॉनशन केरकेट्टा और अलेक्सयुस एक्का की अहम भूमिका रही।



