बसना। बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर राज्य सरकार और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है और इससे गरीब, किसान, मजदूर तथा मध्यमवर्गीय परिवार प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने स्मार्ट मीटर से बढ़ते बिजली बिलों और उपभोक्ताओं की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि प्रदेश में कई उपभोक्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आई हैं। उनका कहना है कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे लोगों पर यह व्यवस्था अतिरिक्त दबाव बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली व्यवस्था में सुधार के बजाय निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे आम जनता की परेशानियां बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि किसान, छोटे व्यापारी और निम्न आय वर्ग के परिवार पहले ही खाद, डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से प्रभावित हैं। ऐसे में स्मार्ट मीटर के माध्यम से बढ़ते खर्च से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। कांग्रेस नेता ने मांग की कि स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों और बिलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया जाए।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनजागरण अभियान चलाकर व्यापक आंदोलन करेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी आम नागरिकों, किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।


