रायगढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खरसिया पुलिस ने 52 किलो गांजा तस्करी मामले में मुख्य सप्लायर महिला को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की गांजा तस्करी मामले में कार्रवाई।
जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को खरसिया रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में पुलिस ने तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 52 किलोग्राम गांजा जब्त किया था। बरामद गांजे की कीमत करीब 25.62 लाख रुपये आंकी गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा उन्हें ओडिशा की रहने वाली सुभद्रा उर्फ मामी मलिक ने उपलब्ध कराया था और इसे मध्यप्रदेश के बीना तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबरों की जांच की। इसके बाद खरसिया पुलिस ने ओडिशा के कंधमाल जिले में स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर मुख्य सप्लायर सुभद्रा उर्फ मामी मलिक (41 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने गांजा सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक विवो मोबाइल फोन भी जब्त किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत केवल तस्करों ही नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क, सप्लायर और वित्तीय लाभ लेने वालों तक पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।


