सरायपाली(जीतयादव)। अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सरायपाली पुलिस ने 10 जुलाई को विशेष अभियान चलाते हुए ग्राम नूनपानी, गंधेलडीपा, सुखापाली और भीखापाली में एक साथ छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों से करीब 400 किलो महुआ लाहन बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को 25 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
चार गांवों में एक साथ छापेमारी, 25 लीटर महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस के अनुसार ग्राम कांशीपाली निवासी अजय कुमार चौहान (22 वर्ष) के कब्जे से एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में रखी 25 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अवैध शराब संबंधी किसी भी जानकारी की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।


