बसना(जीतयादव)। बसना पुलिस ने अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए छह अलग-अलग प्रकरणों में कुल 140 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में छह आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत 31 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
विशेष अभियान में छह आरोपियों पर कार्रवाई, 31 हजार रुपये की अवैध महुआ शराब बरामद।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान अपराध क्रमांक 368/2026 में ग्राम खुसरूपाली निवासी संतोष कुमार बारिक के कब्जे से 30 लीटर, अपराध क्रमांक 369/2026 में नीलमणी मुखर्जी से 30 लीटर, अपराध क्रमांक 367/2026 में ग्राम बानीपाली निवासी दुर्योधन मुखर्जी से 30 लीटर, अपराध क्रमांक 370/2026 में ग्राम पितईपाली निवासी श्रीमती कलावती ओगरे से 15 लीटर, अपराध क्रमांक 371/2026 में ग्राम खुसरूपाली निवासी खगेश्वर रात्रे से 15 लीटर तथा अपराध क्रमांक 372/2026 में रविलाल बारिक के कब्जे से 20 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस ने सभी मामलों में शराब जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


