बसना। वन्यजीवों के अवैध शिकार और उनके मांस की बिक्री का मामला सामने आया है। वन परिक्षेत्र के सांकरा वृत्त अंतर्गत ग्राम जर्रा में जंगली सूअर का शिकार कर मांस बेचने की तैयारी कर रहे दो लोगों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से जंगली सूअर का मांस, शिकार में इस्तेमाल किया गया कट्टा और अन्य सामग्री बरामद कर जब्त की गई।
ग्राम जर्रा में वन विभाग की कार्रवाई, कट्टा और जंगली सूअर का मांस जब्त; आरोपियों पर पहले भी शिकार के मामले दर्ज होने की जानकारी।
मिली जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्र के सांकरा वृत्त अंतर्गत बीट क्रमांक 263 एवं 264 के ग्राम जर्रा में जंगली सूअर के शिकार और उसके मांस की बिक्री किए जाने की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से जंगली सूअर का मांस और शिकार में इस्तेमाल किया गया कट्टा बरामद हुआ।
वन विभाग के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित चेरकिया (38 वर्ष), पिता आलेख चेरकिया और प्रसन्न सुसकिया (53 वर्ष), पिता संतु सुसकिया, दोनों निवासी ग्राम जर्रा के रूप में हुई है।
पहले भी शिकार के मामलों में आ चुके हैं नाम।
इस मामले में यह बात भी सामने आई है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी गौर (वनभैंसा) और जंगली सूअर के शिकार से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। वर्तमान कार्रवाई को मिलाकर उनके विरुद्ध यह तीसरा प्रकरण बताया जा रहा है। वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शिकार पर रोक लगाने को लेकर वन विभाग की सक्रियता बढ़ गई है।


