बसना। राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा प्रायोजना के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय लोकनृत्य स्पर्धा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) पिरदा ने द्वितीय स्थान हासिल कर पिथौरा ब्लॉक का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता का आयोजन महासमुंद स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों की टीमों ने हिस्सा लिया।
महासमुंद में आयोजित प्रतियोगिता में पिथौरा ब्लॉक सेजेस पिरदा की छात्राओं ने दी शानदार प्रस्तुति, स्वास्थ्य और जनसंख्या शिक्षा के संदेश को लोकनृत्य के जरिए किया प्रस्तुत।
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT), नई दिल्ली की इस प्रायोजना का उद्देश्य शालेय विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जीवन कौशल का विकास करना है। इसी उद्देश्य से जनसंख्या शिक्षा की विभिन्न थीम पर आधारित लघु नाटिका और लोकनृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
लोकनृत्य स्पर्धा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) पिरदा की छात्राओं मोनिका बंजारे, रुक्मिणी नेताम, शीतल बरिहा, मालिनी कुमार, श्रुति भोई और आरती बरिहा ने आकर्षक प्रस्तुति दी। छात्राओं की प्रस्तुति को सराहना मिली और टीम ने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षक लोरीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बढ़ती आबादी को नियंत्रित करने के साथ जीवन स्तर में सुधार लाना जरूरी है। इसके लिए नई पीढ़ी को भी जागरूक होकर विशेष प्रयास करने होंगे।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्राचार्य तरुण कुमार पटेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती लक्ष्मी डड़सेना, बीआरसी नरेश पटेल, जनपद सदस्य श्रीमती सुशीला अम्बु पटेल, सरपंच रंजन भोई सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए छात्राओं को बधाई दी।


