बसना। शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में महासमुंद जिले के तोरेसिंहा गांव के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तोरेसिंहा के दो विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
तोरेसिंहा में जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मनीष साहू और रीत भोई ने दिखाई प्रतिभा, शिक्षक विकास कुमार निषाद के मार्गदर्शन में मिली सफलता।
जानकारी के अनुसार, शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, महासमुंद के सभागार में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस वर्ष महासमुंद जिले ने ऑनलाइन पंजीयन में पूरे छत्तीसगढ़ में दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में जिलेभर से कुल 178 लघु शोध परियोजनाएं प्रस्तुत की गईं। इनमें से निर्णायक मंडल ने उत्कृष्ट परियोजनाओं का चयन राज्य स्तर के लिए किया।
प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में तोरेसिंहा विद्यालय के छात्र मनीष साहू एवं छात्रा रीत भोई ने अपने वैज्ञानिक शोध प्रोजेक्ट के माध्यम से निर्णायकों को प्रभावित किया। उनके प्रोजेक्ट का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। ग्रामीण परिवेश में रहकर विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।
इस सफलता के पीछे विद्यालय के भौतिकी विषय के शिक्षक विकास कुमार निषाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सोच, प्रयोग और शोध के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारा और जिला स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की।
विद्यार्थियों की इस सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों ने चयनित बाल वैज्ञानिकों और मार्गदर्शक शिक्षक को बधाई दी है। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई है कि दोनों विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर महासमुंद जिले का नाम रोशन करेंगे।


