सरायपाली(जीतयादव)। वाहन चेकिंग अभियान के दौरान सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वोक्सवैगन कार से करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने कार में सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जब्त सोने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामला आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय को भेज दिया है।
वाहन चेकिंग के दौरान मिली बड़ी सफलता, करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण बरामद।
जानकारी के अनुसार, 17 मई 2026 को एनएच-353 रेहटीखोल नाका पर सिंघोड़ा थाना पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रही वोक्सवैगन वरटस कार क्रमांक GJ 03 NP 4230 को रोककर जांच की गई। कार में सवार तीन व्यक्तियों से पूछताछ करने पर पुलिस को संदेह हुआ। तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट में बनाए गए चेंबर से दो पीठू बैग बरामद हुए, जिनमें छह प्लास्टिक बॉक्स में विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण रखे हुए थे।
पुलिस जांच में बरामद सोने का कुल वजन 7512.488 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपये बताई गई है। वहीं परिवहन में प्रयुक्त कार की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जब्त संपत्ति की कीमत 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार 220 रुपये है।
कार में सवार व्यक्तियों ने अपने नाम जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत निवासी राजकोट (गुजरात) बताए हैं। पुलिस ने तीनों को सोने के आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया, लेकिन मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
दस्तावेजों के अभाव में सिंघोड़ा पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत सोने के आभूषण और वाहन को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए आयुक्त आयकर विभाग एवं राजस्व सूचना निदेशालय छत्तीसगढ़ को सूचना भेज दी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



