महासमुंद(जीतयादव)। ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा तस्करी के लिए ट्रेन और बस का सहारा लेकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे दो तस्करों को महासमुन्द पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 6.360 किलो गांजा और दो मोबाइल फोन समेत करीब 3 लाख 38 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
ओडिशा से नागपुर ले जाया जा रहा था 6.360 किलो गांजा, मुरमुरी चौक में बस का इंतजार करते पकड़े गए आरोपी।
पुलिस के मुताबिक, गांजा तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर मादक पदार्थ की तस्करी करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन महासमुन्द पुलिस की सख्ती और लगातार निगरानी के चलते उनके मंसूबे नाकाम हो रहे हैं। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोडा पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि मुरमुरी चौक में एक महिला और एक युवक दो पिट्ठू बैग में मादक पदार्थ रखकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम पराग ध्रुव (26 वर्ष) निवासी नागपुर और महिला ने अपना नाम सायली मसराम (33 वर्ष) निवासी नागपुर, महाराष्ट्र बताया।
तलाशी लेने पर दोनों के बैग से 6.360 किलो मादक पदार्थ बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा को ओडिशा के बलांगीर जिले से नागपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।



