महासमुंद(जीतयादव)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना कोमाखान पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 15.380 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख 69 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित कुल 8 लाख 19 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
ओडिशा से रायपुर ले जा रहा था गांजा, 8.19 लाख की संपत्ति जब्त।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर ग्राम सुवरमाल पेट्रोल पंप के पास उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनू केसरी (जिला मऊ, उत्तरप्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के पीछे रखी प्लास्टिक बोरी से मादक पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि वह गांजा फुलवानी (ओडिशा) से लाकर रायपुर में खपाने की योजना बना रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर मादक पदार्थ तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।


