सरायपाली(जीतयादव)। अवैध महुआ शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरायपाली क्षेत्र में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 50 लीटर महुआ शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 10,000 रुपये आंकी गई है।
बैदपाली रोड साप्ताहिक बाजार में अवैध महुआ शराब के लिए ग्राहक तलाशते पकड़ा गया आरोपी, आबकारी एक्ट के तहत भेजा गया जेल।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरायपाली साप्ताहिक बाजार के बैदपाली रोड पर एक व्यक्ति अवैध रूप से हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर थाना सरायपाली पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी विजय भारती (निवासी ग्राम नूनपानी, थाना सरायपाली) को मौके से पकड़ा गया। जांच में उसके पास दो प्लास्टिक ड्रम में कुल 50 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसे वह बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान जारी है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।




