बसना(जीतयादव)। छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अंतर्गत 22 से 26 जून 2026 तक आयोजित रायपुर से सोमनाथ (गुजरात) की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस यात्रा में महासमुंद जिले से 20 विशिष्टजनों का चयन किया गया था, जिनमें बसना के साहित्यकार रोहित शर्मा, प्रेमचन्द साव और डिजेंद्र कुर्रे भी शामिल रहे।
बसना के तीन साहित्यकारों सहित महासमुंद के 20 प्रतिनिधियों ने सोमनाथ यात्रा में किया सहभागिता।
महासमुंद कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के चयनित साहित्यकारों, कलाकारों, समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने यात्रा में भाग लिया। पूरे छत्तीसगढ़ से एक हजार से अधिक साहित्यकार, कलाकार एवं विशिष्टजन इस सांस्कृतिक यात्रा का हिस्सा बने। यात्रा के लिए जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया।
यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने श्री सोमनाथ महादेव मंदिर, श्री भालका तीर्थ, बाणगंगा, त्रिवेणी संगम, अरब सागर तट तथा भगवान श्रीकृष्ण के गोलोकगमन स्थल सहित अनेक ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का दर्शन किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े विभिन्न आयामों का अनुभव प्राप्त किया।
यात्रा में पद्मश्री ऊषा बारले, पद्मश्री डोमार सिंह कुंवर, पद्मश्री राधेश्याम बारले, कविता वासनिक, राकेश तिवारी, जोशी बहनें, रजनी रजक तथा बी.आर. साहू सहित अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं कलाकार भी शामिल हुए।
यात्रा का सबसे भावनात्मक क्षण तब रहा, जब सोमनाथ ज्योतिर्लिंग में महासमुंद जिले की पावन धरा तथा विश्वविख्यात पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक नगरी सिरपुर की पवित्र मिट्टी और जल भगवान शिव को श्रद्धापूर्वक अर्पित किए गए। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी जन्मभूमि से लाए गए जल एवं मिट्टी को भगवान सोमनाथ के श्रीचरणों में समर्पित कर मातृभूमि, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था एवं समर्पण व्यक्त किया।
प्रतिनिधियों ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक दर्शन तक सीमित नहीं रही, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को निकट से समझने का एक प्रेरणादायी अवसर साबित हुई। सभी प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ शासन एवं महासमुंद जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस आयोजन को ऐतिहासिक, प्रेरणादायी और अविस्मरणीय बताया।
जिला नोडल अधिकारी रेखराज शर्मा ने इस सफल आयोजन के लिए महासमुंद कलेक्टर, संस्कृति एवं राजभाषा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, भारत सरकार तथा गुजरात शासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने प्रतिभागियों को भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।
यात्रा में रोहित कोसरिया, रोहित शर्मा, डिजेंद्र कुर्रे, प्रेमचन्द साव, उमेश गिरी गोस्वामी, भागवत जगत भूमिल, सुरेश सामल, शंभू शंकर मिश्रा, परशुराम गढ़तिया, नीलमणि बारिक, मन्नू ठाकुर, इंदल राम साव, संतोष गुप्ता, धनराज साहू, यशवंत चौधरी, कृष्ण कुमार शर्मा, प्रेम शीला बघेल, जयराम पटेल, हलकूराम साहू एवं जानकी देवी साहू सहित अन्य प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक, बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल, भाटापारा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा तथा फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष मोना सेन सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में हुआ।


