सरायपाली। ओडिशा के बरगढ़ से कोल्ड ड्रिंक की पेटियां लेकर बिलासपुर जा रहे ट्रक को बीच सड़क पर रोककर लूटपाट करने के मामले में सरसींवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। आरोपियों ने 18 सितंबर 2026 को सरायपाली-सरसींवा मार्ग पर ट्रक को रोककर पत्थरों से शीशा तोड़ दिया था। इसके बाद ड्राइवर के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां लूटकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 7 आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा, 4 मोटरसाइकिल समेत ट्रक से लूटा गया सामान बरामद।
घटना की सूचना मिलने पर सरसींवा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में घटना में शामिल गिरोह को पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 4 मोटरसाइकिलें और लूटा गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।
मामले में थाना सरसींवा में अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(2), 126(2) और 324(4) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में यशस्वी साहू उर्फ बंटी साहू, यशवंत साहू उर्फ सोनू साहू, देवेन्द्र साहू उर्फ नानु, पुष्पेन्द्र चौहान और शशांक रात्रे उर्फ राजा रात्रे शामिल हैं। मामले में कुल 7 आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक के संलिप्त होने की जानकारी दी गई है।
सरसींवा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूट की घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही घटना में इस्तेमाल वाहनों और लूटे गए सामान की बरामदगी की गई।


