सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला बोड़ेसरा में शासन की नि:शुल्क गणवेश वितरण योजना के तहत विद्यार्थियों को गणवेश वितरित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
बोड़ेसरा में नवीन गणवेश पाकर बच्चों के चेहरों पर आई खुशी, विद्यालय परिवार ने शिक्षा के प्रति बढ़ते उत्साह को बताया महत्वपूर्ण।
इसके बाद विद्यालय में उपस्थित अतिथियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों को नि:शुल्क गणवेश प्रदान किए गए। नए गणवेश प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ गणवेश ग्रहण किया।
बोड़ेसरा विद्यालय परिवार ने बताया कि शासन की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक कारणों से किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो। गणवेश मिलने से विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनत्व और उत्साह बढ़ने के साथ उनमें अनुशासन की भावना को भी प्रोत्साहन मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रीत पटेल, उपाध्यक्ष राधाबाई साव, सदस्य रेणुका वैष्णव, प्रधान पाठक बनमोती भोई एवं सहायक शिक्षक क्षेत्रपाल भोई सहित विद्यालय के शिक्षक, पालक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने शासन की नि:शुल्क गणवेश योजना को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसी सुविधाओं से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलता है और वे पूरे उत्साह के साथ विद्यालय आकर पढ़ाई कर पाते हैं।


