बसना(जीतयादव)। संस्कार द राइजिंग स्कूल, परसकोल-बसना में छात्र परिषद का पद-ग्रहण समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद नवगठित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
छात्र परिषद के नवनियुक्त पदाधिकारियों को बैज और सैश पहनाकर सौंपे गए दायित्व, अनुशासन और संस्कार के साथ नेतृत्व करने का दिया संदेश।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, छात्र परिषद के गठन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने तथा विद्यालय की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
प्राचार्य संजय तिवारी ने नवनिर्वाचित छात्र परिषद को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र परिषद का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य में समाज और राष्ट्र के लिए जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
संस्कार द राइजिंग स्कूल विद्यालय प्रबंधन की मेघा अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व का विकास करना है। वहीं अलीशा अग्रवाल ने छात्र परिषद के सदस्यों को अन्य विद्यार्थियों के लिए अनुशासन, मेहनत और अच्छे आचरण का उदाहरण बनने के लिए प्रेरित किया।
छात्र परिषद में हेड बॉय अनीश साहू, डिप्टी हेड बॉय शिवम सिदार, हेड गर्ल प्रभलीन कौर और डिप्टी हेड गर्ल सिमर कौर सहित विभिन्न हाउस के कप्तान, उप कप्तान और प्रीफेक्ट को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
संस्कार द राइजिंग स्कूल के कार्यक्रम में विद्यालय संचालकगण, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके सफल और जिम्मेदार कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।


