बसना(जीतयादव)। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरेकेल में शिक्षिका रेखा पाण्डेय ने अपने जन्मदिवस को सेवा, स्नेह और सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के लिए न्योता भोजन का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को खीर, पुड़ी एवं मिठाई का स्वादिष्ट भोजन कराया गया। सभी ने मिलकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं और शिक्षिका रेखा पाण्डेय को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरेकेल में बच्चों को कराया खीर, पुड़ी और मिठाई का भोजन, विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने शिक्षिका को स्नेहपूर्वक उपहार भेंट कर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरेकेल के प्रभारी प्रधान पाठक प्रेमचन्द साव ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि समाज और बच्चों के साथ खुशियां बांटने का भी अवसर है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में प्रेम, सहयोग, अपनापन और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने शिक्षिका रेखा पाण्डेय के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ इस तरह की गतिविधियां बच्चों में मानवीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में भी सहायक होती हैं।
शिक्षिका रेखा पाण्डेय ने विद्यार्थियों एवं सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की मुस्कान और उनका स्नेह ही उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने और अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अरेकेल विद्यालय के शिक्षक हीराधर साव, प्राथमिक विद्यालय की प्रधान पाठक रत्ना कर, आसमा परविन एवं सरिता सिदार ने भी रेखा पाण्डेय को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में न्योता भोजन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने शिक्षिका रेखा पाण्डेय के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।


