सरायपाली(जीतयादव)। भारत की एकता और अखंडता के शिल्पकार सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय एवं थाना परिसर सरायपाली में ‘एकता वृक्षारोपण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का संदेश देना रहा।
सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर पुलिस कार्यालय और थाना परिसर में लगाए गए फलदार व छायादार पौधे।
कार्यक्रम का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सरायपाली श्रीमती ललिता मेहर ने किया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता टिकेश्वर मिश्रा, ईवास् स्कूल सरायपाली के विद्यार्थी तथा थाना सरायपाली के पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। सभी ने मिलकर कार्यालय एवं थाना परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे लगाए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर लगाए गए प्रत्येक पौधे की देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ पर्यावरण, जैव विविधता और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।
एसडीओपी श्रीमती ललिता मेहर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के आदर्श आज भी देशवासियों को एकता और अखंडता के लिए प्रेरित करते हैं। उनकी 150वीं जयंती पर लगाए गए ‘एकता वृक्ष’ आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ स्वच्छ हवा, जल संरक्षण, जैव विविधता और स्वस्थ भविष्य के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।


