सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय कन्या उच्च प्राथमिक शाला तोरेसिंहा में छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बाल कैबिनेट एवं यूथ-इको क्लब का गठन किया गया। विद्यालय में पूरी निर्वाचन प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न कराई गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तोरेसिंहा में बैलेट पेपर से हुआ लोकतांत्रिक चुनाव, रागिनी महाकुर बनीं शाला नायिका और गरिमा कुम्हार को मिली उप शाला नायिका की जिम्मेदारी।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी टीसी पटेल, विकासखंड स्रोत समन्वयक डी. नायक एवं संकुल समन्वयक संजीत कुमार पात्रो के दिशा-निर्देशन में प्रधान पाठक एवं निर्वाचन अधिकारी ओमप्रकाश छत्रपति की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। नामांकन पत्र जमा करने, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद बाल कैबिनेट के दो प्रमुख पदों के लिए मतदान कराया गया, जबकि अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
कक्षा आठवीं की छात्रा रागिनी महाकुर को शाला नायिका और गरिमा कुम्हार को उप शाला नायिका चुना गया। इसके अलावा सांस्कृतिक मंत्री, खेल एवं योगा मंत्री, स्वच्छता एवं पर्यावरण मंत्री, अनुशासन प्रभारी, गणित एवं विज्ञान क्लब प्रभारी, पुस्तकालय प्रभारी, मध्याह्न भोजन प्रभारी, आयरन टेबलेट प्रभारी और कक्षा नायिका सहित यूथ एवं इको क्लब के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव का भी चयन किया गया।
तोरेसिंहा में मतदान के लिए एक पोलिंग सेंटर बनाया गया, जहां कक्षा छठवीं से आठवीं तक की छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पोलिंग ऑफिसर के रूप में शिक्षक संजय कुमार भोई एवं विवेक प्रधान ने जिम्मेदारी निभाई। मतदान के बाद उम्मीदवारों की मौजूदगी में मतगणना की गई और निर्वाचित पदाधिकारियों को पद की गोपनीयता एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई गई।
इस गतिविधि का उद्देश्य छात्राओं में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।


