सरायपाली(जीतयादव)। यूनाइटेड कराटे एवं स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की एक महत्वपूर्ण बैठक शासकीय प्राथमिक शाला बाराडोली में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना, युवाओं को खेलों से जोड़ना तथा खेलों के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता अभियान को गति देना रहा। इस दौरान आगामी खेल गतिविधियों और संगठन की भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बाराडोली में आयोजित बैठक में खेल गतिविधियों के विस्तार, ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने पर बनी रणनीति।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष भोजराज साहू ने की। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष मुरलीधर डडसेना, संगठन सचिव अक्षय कंवर, तथा संगठन के सह-संस्थापक एवं संरक्षक सुंदर लाल डडसेना एवं जगदीश चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की रणनीति तैयार की गई।
बाराडोली में बैठक को संबोधित करते हुए सुंदर लाल डडसेना ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम खेल हैं। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का आधार हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में खेल संस्कृति को मजबूत करना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच उपलब्ध कराना है।
बैठक में कमलाकांत प्रधान, देवनारायण बरिहा, त्रिलोचन पटेल, तोशराम चौधरी, कु. अनीता बरिहा, कु. लता साहू, हेमलता साहू एवं साधना साहू सहित संगठन के अन्य सदस्यों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए। सभी सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देंगे तथा स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।


