सरायपाली(जीतयादव)। शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बानीगिरोला में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं आनंदमय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का आत्मीय स्वागत किया गया।
बानीगिरोला में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत, विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति किया प्रेरित।
कार्यक्रम का संचालन वर्षा नन्द ने किया। विद्यालय परिवार द्वारा उपस्थित अतिथियों एवं पालकों का तिलक लगाकर सम्मान किया गया। इसके बाद कक्षा पहली एवं कक्षा छठवीं में प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक लगाकर, हाथों की छाप लेकर तथा कागज के फूल भेंट कर स्वागत किया गया। संस्था प्रमुख प्रतिभा चौधरी, अमृता पटेल, ईश्वरी तिवारी एवं दीपक मिश्रा ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बानीगिरोला के सरपंच प्रतिनिधि भुवनेश्वर दास, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष नवीन पटेल, सदस्य हेतलाल पटेल, पालक संतलाल पटेल, सहदेव पटेल एवं अजय पटेल द्वारा विद्यार्थियों को विद्या आनंद सामग्री, अभ्यास पुस्तिका, पेंसिल, रबर, कटर एवं पेन वितरित किए गए। अतिथियों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास और नियमित अध्ययन पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान वर्षा नन्द ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020), FLN, अंगना म शिक्षा, नि:शुल्क गणवेश, पाठ्य पुस्तकें, जादुई पिटारा, मुस्कान पुस्तकालय तथा बैगलेस डे जैसी शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पाल सिंह बंजारे, कौशल्या पटेल, मनीषा भोई, फूलबाई, रामबाई, मिथिलाबाई, कुमारी दास एवं हीराबाई सहित बड़ी संख्या में पालक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में संस्था प्रमुख द्वारा सभी के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।


