सरायपाली(जीतयादव)। अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम जोगनीपाली के पास घेराबंदी कर एक युवक को 30 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
सरायपाली पुलिस की कार्रवाई, जोगनीपाली मोड़ पर घेराबंदी कर महुआ शराब की तस्करी कर रहा आरोपी गिरफ्तार ।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पदमपुर रोड से एक व्यक्ति बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी में अवैध महुआ शराब लेकर ग्राम जोगनीपाली की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जोगनीपाली मोड़ के आगे घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
पूछताछ के दौरान स्कूटी चालक ने अपना नाम धीरज दास मानिकपुरी (28 वर्ष) निवासी जोगनीपाली, थाना सरायपाली बताया। तलाशी लेने पर स्कूटी में रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से 30 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 6 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने अवैध शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी भी जब्त कर ली है, जिसकी अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।


