बसना(जीतयादव)। भंवरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम झारउडेला (अजगरखार) में मंगलवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोंगरे भोई (30 वर्ष), निवासी झारउडेला के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बोरवेल के पास अर्धनग्न अवस्था में मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका।
जानकारी के अनुसार, मोंगरे भोई सोमवार शाम किसी व्यक्ति का फोन आने के बाद घर से निकला था। उसने परिजनों को ग्राम चनाट जाने की बात कही थी, लेकिन रातभर घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार सुबह गांव के एक किसान की बाड़ी स्थित बोरवेल के पास युवक का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि मृतक के सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान थे। उसका सिर एक चादर से बांधकर बोरवेल की केसिंग पाइप से बंधा हुआ था तथा शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था।
सूचना पर पहुंची भंवरपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। युवक की मौत हादसा है, आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।



